SAMASTIPUR: समस्तीपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड-39 में नशे के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने अपने पिता पर कुदाल से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पति को बचाने पहुंची मां पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका मंझला पुत्र मोहम्मद अरमान बताया गया है। मृतक के छोटे बेटे मोहम्मद अरबाज के अनुसार, अरमान सूखे नशे का आदी है। उसने नशे के लिए पिता से पैसे मांगे थे, लेकिन पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया था।
रात में घर पहुंचकर माता-पिता से करने लगा विवाद
बताया गया कि पैसे नहीं मिलने से नाराज अरमान देर रात करीब 12 बजे नशे की हालत में घर पहुंचा। इसके बाद वह माता-पिता के साथ गाली-गलौज और विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने घर में रखी कुदाल उठा ली और पिता पर हमला कर दिया।
कुदाल के वार से मोहम्मद इस्लाम गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पति को बचाने पहुंचीं मां, आरोपी ने उन्हें भी पीटा
पति पर हमला होते देख उनकी पत्नी रूबीना खातून उन्हें बचाने पहुंचीं। आरोप है कि अरमान ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका इलाज कराया जा रहा है।
परिजनों के मुताबिक, मृतक के तीन बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है, जबकि दो बेटे घर पर ही रहते हैं। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे। शोर सुनकर छोटा बेटा नीचे आया तो उसने पिता को गंभीर हालत में देखा और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रभारी सदर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि आरोपी युवक नशे का आदी था और नशे की हालत में उसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।