सहरसा में हत्या की बड़ी साजिश नाकाम: एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो कुख्यात आर्म्स व कार सहित गिरफ्तार

SAHARSA: बिहार पुलिस मुख्यालय की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और सहरसा जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बलवाहाट थाना क्षेत्र से दो कुख्यात अपराधियों को अवैध हथियार व कार के साथ गिरफ्तार किया है। समय रहते हुई इस गिरफ्तारी से एक जघन्य हत्याकांड की साजिश विफल हो गई। 


घटना की जानकारी देते हुए सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ निशिकांत भारती ने बताया पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों की धरपकड़ व अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान इसी दौरान 13 सितंबर को एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी विमलेश यादव अपने गिरोह के साथ मिलकर किसी व्यक्ति की हत्या करने की फिराक में है और हथियार जुटा रहा है। 


इस इनपुट के आधार पर बलवाहाट थाना पुलिस (दिवा गश्ती टीम) एवं एसटीएफ ने खोजी चौक–करूआ तीनमुहानी के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक ऑल्टो कार को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार दोनों युवकों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

० विमलेश यादव (पिता: सोगेन्द्र यादव), निवासी: ग्राम मोहम्मदपुर, वार्ड नं. 06, थाना बलवाहाट, जिला सहरसा।

० नीरज यादव (पिता: सत्तो यादव), निवासी: ग्राम करूआ, वार्ड नं. 06, थाना बलवाहाट, जिला सहरसा।


बरामदगी

01 देशी कट्टा, 02 जिंदा कारतूस, 01 ऑल्टो (चार पहिया वाहन)

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों गिरफ्तार अभियुक्त शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ सहरसा जिले के विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार विमलेश यादव पर रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अवैध शराब तस्करी से संबंधित 07 मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार नीरज यादव पर हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से संबंधित 08 मामले दर्ज है। इस मामले में बलवाहाट थाने में कांड संख्या 167/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार, पु०अ०नि० रीतू रानी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।