SAHARSA: बिहार में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है. अपराधी इतने बेखौफ हो गये हैं कि मानों इनके अंदर पुलिस का डर ही खत्म हो गया हो। इस बार अपराधियों ने सहरसा में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। जहां अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। हथियारबंद अपराधियों ने बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के तिरी स्थित पूजा फ्यूल सेंटर पर नोजलमैन आनंद को गोली मार दी और कैश लूटकर नौ दो ग्यारह हो गये। गोली लगने से नोजलमैन बुरी तरह घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी। 


मिली जानकारी के अनुसार, एक बाईक पर सवार तीन युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और नोजलमेन आनंद कुमार से टंकी फुल करने को कहा। किसी कारणवश मना करने पर अपराधियों ने हथियार निकाल लिया और रुपए की मांग करने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश ने गोली चला दी, जो आनंद कुमार के पैर में जा लगी। गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद अपराधियों ने 18 हजार रुपये नगद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। 


घायल आनंद कुमार को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने गोली निकाल दी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पेट्रोल पंप के मालिक अर्जुन चौधरी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधी आसानी से बेल पर छूट जाते हैं और फिर वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यहां न तो मजिस्ट्रेट की तैनाती हुई है और न ही पुलिस गश्ती होती है। 


साथ ही उन्होंने बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष के निलंबन की मांग की है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। साईबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि साक्ष्य संकलन किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस अपराधियों के भागने की दिशा में छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को धर दबोचा जाएगा।

सहरसा से रितेश हन्नी की रिपोर्ट