SAHARSA: सहरसा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है जहां बिहरा थाना क्षेत्र के रहुआ चौक के पास अनियंत्रित टैंकर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार की गर्भवती पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि पति विनय इस हादसे में बाल-बाल बच गया। सबसे आश्चर्य की बात तो तब हुई जब हादसे के दौरान गर्भवती महिला का पेट फट जाने से गर्भ में पल रहे बच्चे का जन्म हुआ। बच्चे के जन्म के बाद महिला की मौत हो गयी। नवजात शिशु को सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया है जहां वह इलाजरत है।
पति विनय की माने तो वो अपनी गर्भवती पत्नी को लेकर सहरसा से नवहट्टा स्थित अपने गांव जा रहा था तभी बिहरा थाना क्षेत्र के रहुआ चौक के पास अनियंत्रित टैंकर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसके बाद विनय बेहोश हो गया। और उसकी प्रेग्नेंट पत्नी का पेट फट जाने के कारण मौत हो गयी।
इस दौरान बच्चे का जन्म हो गया जो फिलहाल सदर अस्पताल में एडमिट है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर को जब्त किया। वहीं पुलिस ने टैंकर के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस आगे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू की।