SASARAM: बिहार में अपराधियों का तांडव जारी है। इस बार सासाराम में अपनी उपस्थिति दर्ज करा अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देने का काम किया है। दिनदहाड़े एक युवक को अपराधियों ने गोली मारी है। गंभीर रुप घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है।
घटना सासाराम के करगहर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव की है। जहां गुलफाम आलम नामक एक शख्स को गोली मारी गयी है। इलाज के लिए पहले उसे करगहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि गांव में इकबाल आलम का मकान बन रहा है। जिस जमीन पर मकान बन रहा है उसे लेकर विवाद चल रहा है।
इसी मामले में जमकर मारपीट हुई और गोली दागी गयी। अपराधियों ने इस दौरान गुलफाम आलम को गोली मारी और मौके से फरार हो गये। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। घायल से पूछताछ किया और पूरे मामले की जानकारी ली। घायल के परिजन फिरोज आलम ने बताया कि विवादित जमीन पर मकान बनाने को लेकर ही विवाद हुआ था। जिसे लेकर मामला इतना बढ़ गया कि बात जान लेने तक पहुंच गयी। इसी दौरान गुलफाम को गोली मारी गयी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।