SAHARSA: सहरसा पुलिस को अंतरजिला स्तर पर सक्रिय एक शातिर लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।


यह गिरोह सहरसा और मधेपुरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इनमें सहरसा सदर थाना क्षेत्र के सीएसपी केंद्र से लूट, बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मी पर फायरिंग कर लूट, बसनही थाना क्षेत्र में एनएच-107 पर मवेशी हाट के पास हथियार के बल पर लूट, तथा मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में ग्रामीण बैंक में हुई लूट जैसी घटनाएं शामिल हैं। इन सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


लगातार हो रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक कोसी क्षेत्र कुमार आशीष के निर्देशन में सहरसा और मधेपुरा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक सहरसा हिमांशु के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई, जिसमें एसटीएफ का भी सहयोग लिया गया।


टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया और तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त कपड़े, जूते और मोटरसाइकिल की पहचान की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमर कुमार उर्फ भोला, पिता सिकेंद्र साह, निवासी धबौली वार्ड नंबर-01, थाना पतरघट, जिला सहरसा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिया गया है। साथ ही गिरोह से जुड़े एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है, जिससे पूछताछ जारी है।


पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरोह के मास्टरमाइंड पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया भी चल रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से कई संभावित आपराधिक घटनाओं पर रोक लगेगी।

सहरसा से रितेश हन्नी की रिपोर्ट