DESK: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 14 वर्षीय अंशुमन की हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इस मामले में उसकी मां की करीबी सहेली पूजा पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस पूरी वारदात का खुलासा सीसीटीवी फुटेज के जरिए हुआ है।


मृतक अंशुमन, बालकृष्ण भारती का सबसे छोटा बेटा था। चार भाइयों में सबसे छोटा होने के कारण वह परिवार का लाड़ला था। परिवार के अनुसार, पूजा का उनके घर आना-जाना था और वह अंशुमन की मां ज्योति की करीबी दोस्त मानी जाती थी। बताया जाता है कि पूजा ब्याज पर पैसे देने का काम करती थी और इलाके में उसकी दबंग छवि थी।


परिजनों का आरोप है कि पूजा अक्सर घर आकर विवाद करती थी और बच्चों के साथ मारपीट भी करती थी। कई बार तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं। कुछ समय पहले अंशुमन के पिता बालकृष्ण भारती ने पूजा के घर आने पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था।


घटना 1 मई की दोपहर करीब 2 बजे की है, जब अंशुमन घर से सामान लेने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।


जांच के दौरान नुमाइश कैंप इलाके के सीसीटीवी कैमरों में अंशुमन आरोपी पूजा के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। अन्य कैमरों में भी दोनों को साथ देखा गया। आगे की जांच में सामने आया कि पूजा बच्चे को लेकर हरियाणा के यमुनानगर तक गई थी।


पुलिस ने शनिवार को पूजा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन जब उसके सामने सीसीटीवी फुटेज रखे गए तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अंशुमन को अंबाला रोड स्थित पूर्वी यमुना नदी में फेंक दिया।


पूजा की निशानदेही पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। पूरी रात चले अभियान के बाद रविवार सुबह अंशुमन का शव बरामद कर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने बच्चे को नदी में डुबो-डुबोकर उसकी हत्या की।


इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में आक्रोश है। परिजन आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अंशुमन के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।