Bihar Crime News: रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में 5 अगस्त को हुए मजदूर हत्याकांड की जांच के लिए बिहार सरकार की CID टीम आज मौके पर पहुंची। CID के DIG जयंत कांत के नेतृत्व में टीम ने जोगिया और मिल्की मनिहारी गांव का दौरा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।



जांच टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ-साथ पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की। अधिकारियों ने परिजनों से घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां लीं और मामले के विभिन्न पहलुओं को समझने का प्रयास किया।



बता दें कि 5 अगस्त को किसान अजीत तिवारी ने अपने मजदूर चंदेश्वर चौधरी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में जमकर उपद्रव हुआ था। इस दौरान आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं।



मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया था। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अब CID ने भी अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है। टीम घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों का अध्ययन कर रही है।



CID के DIG जयंत कांत ने बताया कि इस मामले की जांच CID अपने स्तर से कर रही है। मामले के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है और पूरे घटनाक्रम का अवलोकन किया जा रहा है। CID की टीम की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।