Bihar Crime News: रोहतास जिले के बिक्रमगंज में हत्याकांड के फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके घर की कुर्की-जब्ती की है। बिक्रमगंज में हत्या के मामले में फरार अभियुक्त मीना देवी और उनके पति रामेश्वर चौधरी के घर पर न्यायालय के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई।



पुलिस ने बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के गौतम नगर वार्ड नंबर-13 स्थित आरोपियों के आवास पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। बताया जाता है कि अप्रैल महीने में काशी घाट इलाके में एक महिला अमृता पटेल की हत्या कर दी गई थी। 



मृतका रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के छितौना गांव की रहने वाली थी। इस हत्याकांड के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के बाद पुलिस ने कोर्ट से कुर्की-जब्ती का वारंट प्राप्त किया और उसके बाद यह कार्रवाई की गई।



कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी राजकुमार मौजूद रहे। वहीं, बिक्रमगंज थानाध्यक्ष रंजन कुमार की देखरेख में पुलिस टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गौतम नगर इलाके में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।