Bihar Crime News: पश्चिम चंपारण के बगहा के रामनगर से बड़ी खबर है, जहां खेत में नहर के पानी से पटवन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान फारसा से किए गए हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। 



पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला रामनगर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव का है। बताया जा रहा है कि नहर के पानी से खेत की सिंचाई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान पकड़ी गांव निवासी भगेलू चौधरी, चंदन चौधरी और कृष्णा चौधरी ने खटौरी गांव निवासी मैनेजर मांझी और गुड्डू मांझी पर फारसा से हमला कर दिया।



हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को GMCH बेतिया रेफर किया गया। इलाज के दौरान मैनेजर मांझी की मौत हो गई हैं।



घटना की सूचना मिलते ही रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने बताया कि खेत में पानी पटवन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।