PURNEA: सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए स्टेटस पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पूर्णिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देशी 315 बोर की बंदूक, एक देसी कट्टा, वायरल फोटो की छायाप्रति और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।


सोशल मीडिया पोस्ट के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

बनमनखी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) शैलेश प्रीतम ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन के निर्देश पर उनके नेतृत्व में जानकीनगर थानाध्यक्ष और जिला आसूचना इकाई की टीम को शामिल करते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।


मानवीय साक्ष्य और प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए स्टेटस डालने वाले युवक की पहचान की। आरोपी की पहचान सुशांत कुमार, निवासी बेला चांदपुर, वार्ड नंबर-5, थाना बनमनखी के रूप में हुई।


आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद

पुलिस ने सुशांत कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक देशी 315 बोर की बंदूक और एक देसी कट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा वायरल फोटो की छायाप्रति और एक मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।


पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक सुशांत कुमार, बेला चांदपुर वार्ड नंबर-5 निवासी बबलू यादव का पुत्र है।


न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी सुशांत कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।


पूर्णिया से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट