PURNEA: पूर्णिया के धमदाहा अनुमंडल अंतर्गत बीकोठी थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अपराधियों ने पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को गोली मार दी। घायल की पहचान टेंट व्यवसायी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। घायल को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब गुड्डू कुमार अपने गांव हरिराही से मैजिक वाहन पर टेंट का सामान लेकर बीकोठी जा रहे थे। इसी दौरान पहले से चल रहे विवाद को लेकर हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने बेहद करीब से गोली चलाई, जो गुड्डू के बांह को चीरते हुए गले में जा फंस गई। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
वहीं पीछे से आ रहे गांव के ही एक टेंपू चालक ने परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल गुड्डू को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।
घायल के पिता विजय शर्मा ने बताया कि 28 मार्च को चेती दुर्गा पूजा मेला के दौरान हरिराही गांव में उनके छोटे भाई यानी गुड्डू के चाचा के साथ विवाद हुआ था। मेले में रील बनाने वाली मशीन मंखुश कुमार के द्वारा लगाया गया था, घायल के चाचा के साथ मंखुश कुमार का कहासुनी और मारपीट हुई थी बचाने गये गुड्डू को भी पीटा था । इस मामले को लेकर थाने में केस भी दर्ज कराया गया था।
परिजनों का आरोप है कि उसी पुरानी रंजिश में आज हमला किया गया । विजय शर्मा ने बताया कि जब गुड्डू कुमार टेंट का सामान पहुंचाने हरिराही से बीकोठी जा रहे थे, तभी पीछे से अपाची बाइक पर सवार रंजीत कुमार और मंखुश कुमार पहुंचे और सीधे उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। फिलहाल घायल गुड्डू कुमार का इलाज पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।