PURNEA: पूर्णिया के सदर थाना पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने सिविल सर्जन मधेपुरा का बोर्ड लगी एक स्कॉर्पियो से 800 ग्राम स्मैक बरामद किया है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया।


पूर्णिया के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्मैक बरामद की है। पुलिस ने सिविल सर्जन मधेपुरा का बोर्ड लगी एक स्कॉर्पियो वाहन से करीब 800 ग्राम स्मैक जब्त किया है। साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से सर्विस रोड की ओर भगाने लगा।


पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। इस दौरान वाहन में सवार दो लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 100-100 ग्राम के आठ पैकेट स्मैक बरामद किए गए। कुल बरामद स्मैक का वजन 800 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे कालियागंज से स्मैक लेकर आ रहे थे।


जांच के दौरान यह भी सामने आया कि स्कॉर्पियो पर सिविल सर्जन मधेपुरा का बोर्ड लगा हुआ था। हालांकि पुलिस द्वारा सत्यापन किए जाने पर संबंधित अधिकारियों ने बताया कि उक्त वाहन उनके विभाग से संबंधित नहीं है। इसके बाद फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर तस्करी किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।


पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उनके कॉल डिटेल्स व संपर्कों की जांच की जा रही है। मामले में फरार एक अन्य तस्कर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।