Bihar police constable exam: बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 में हुए बड़े फर्जीवाड़े की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इसके तार मुंगेर जिले तक गहराई से जुड़े पाए जा रहे हैं। पटना पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि परीक्षा धांधली और सॉल्वर गैंग से जुड़े 107 आरोपी अकेले मुंगेर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से संबंध रखते हैं।
इस खुलासे के बाद पटना और मुंगेर पुलिस ने मिलकर परीक्षा माफिया के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 90 से अधिक आरोपी अभी भी फरार हैं। पटना में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। मुंगेर पुलिस को 107 आरोपियों की सूची सौंपी गई है, जिन पर परीक्षा में धांधली, फर्जी अभ्यर्थी (सॉल्वर) बैठाने और संगठित परीक्षा माफिया से जुड़े होने के गंभीर आरोप हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पटना के गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 160/25 में मुंगेर से जुड़े 45 आरोपी नामजद हैं। वहीं सचिवालय थाना कांड संख्या 76/2025 में 62 आरोपियों का संबंध सामने आया है। सूची मिलते ही मुंगेर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर पटना पुलिस को सौंप दिया है। बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि यह कोई सामान्य नकल का मामला नहीं है, बल्कि एक संगठित परीक्षा माफिया नेटवर्क है जो पैसे लेकर नौकरी दिलाने का खेल चला रहा था। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड, सॉल्वर गैंग और उनके बीच हुए आर्थिक लेनदेन की गहराई से जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।