Bihar Crime News: सोशल मीडिया पर भोजपुरी फिल्म अभिनेता और विधान परिषद सदस्य पवन सिंह तथा उनके परिवार के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में भोजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गया जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो गया जिले के आमस थाना क्षेत्र का निवासी है। शिकायत मिलने के बाद भोजपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए उसे गया से गिरफ्तार किया।
भोजपुर पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने विवादित टिप्पणी किस उद्देश्य से की थी और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता है। आवश्यकता पड़ने पर मामले में आगे और कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक, भ्रामक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करने से बचें, क्योंकि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी