Patna Crime News: राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ स्थित परसा बाजार थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बिहार सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी की नेम प्लेट लगी कार से 560 लीटर महुआ शराब बरामद की है। मामले में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सरकारी पहचान का दुरुपयोग कर शराब की तस्करी करता था।



परसा बाजार थाना की पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान BR01JZ-5343 नंबर की एक डिजायर कार को रोककर जांच की गई। कार पर 'संयुक्त सचिव, मुख्य जांच आयुक्त निदेशालय, सामान्य प्रशासन विभाग' का बोर्ड और नेम प्लेट लगी हुई थी, जिससे पहली नजर में यह सरकारी अधिकारी के उपयोग का वाहन प्रतीत हो रहा था।



थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि संदेह होने पर जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें से 560 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसके बाद चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान पुनपुन थाना क्षेत्र के समनचक डुमरी निवासी स्वर्गीय भोली राय के पुत्र सुधीश कुमार के रूप में हुई है। 



उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि संबंधित वाहन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा संयुक्त सचिव के उपयोग के लिए किराये पर लिया गया है। वह सोमवार से शुक्रवार तक इसी वाहन से अधिकारी को उनके आवास से सचिवालय स्थित कार्यालय लाने और ले जाने का काम करता था।



आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि शनिवार और रविवार को कार्यालय बंद रहने के दौरान वह इसी वाहन का इस्तेमाल शराब की तस्करी के लिए करता था। उसे विश्वास था कि वरिष्ठ अधिकारी की नेम प्लेट लगी होने के कारण पुलिस वाहन की जांच नहीं करेगी और वह आसानी से बच निकलेगा।



थानाध्यक्ष मेनका रानी ने कहा कि सरकारी पहचान और वरिष्ठ अधिकारियों की नेम प्लेट का दुरुपयोग कर अवैध कारोबार करना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने बताया कि अब ऐसे सभी वाहनों की विशेष निगरानी की जाएगी, जिन पर बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों का बोर्ड या नेम प्लेट लगी होगी। भविष्य में इन वाहनों की भी नियमित और सघन जांच की जाएगी, ताकि सरकारी पहचान का दुरुपयोग कर अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद शराब की खेप कहां से लाई गई थी।