PATNA: इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी पटना से आ रही है, जहां पुलिस ने रामकृष्णानगर ज्वेलरी शॉप लूटकांड का खुलासा कर लिया है। दो दिन बाद इस मामले का उद्भेदन किया गया। अक्षय तृतीया के दिन इस इलाके में स्वर्ण आभूषण दुकान को बदमाशों ने निशाना बनाया था।
दुकान में घुसकर दुकानदार के साथ मारपीट की थी और 20 लाख का आभूषण लूट लिया था। इस कांड का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर देखते ही देखते तेजी से वायरल हो गया था। जिसके बाद पुलिस पर इस लूटकांड का दबाव था। आखिरकार पुलिस इस मामले का उद्भेदन कर लिया।
पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र स्थित पुरानी भारत गैस गोदाम के पास 19 अप्रैल को हुई ज्वेलरी लूट कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। इस मामले में पुलिस ने दिलीप, उदित, रोहन, सुनील और संतोष समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 1.600 किलो चांदी के गहने बरामद किया गया है।
पुलिसिया जांच में यह बात सामने आया है कि लूट की इस वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने करीब एक हफ्ते तक दुकान की रेकी की थी। घटना के दिन दिलीप सबसे पहले ज्वेलरी दुकान में घुसा था और हथियार के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि लूटे गए गहनों की कीमत का 60 प्रतिशत हिस्सा बांटने की बात तय हुई थी, हालांकि पूरी रकम आरोपियों को नहीं मिल सका। सुनील ने लूट के गहनों को रिसीव कर संतोष को सौंपा, जिसकी मालसलामी इलाके में ज्वेलरी की दुकान है।
वहीं, दिलीप की निशानदेही पर पुलिस जब बेउर थाना क्षेत्र के कृषि फार्म इलाके में हथियार बरामद करने पहुंची, तब उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज NMCH में चल रहा है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि इस कांड में शामिल तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का दावा कर रही है।