Patna News: राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना में गुरुवार दोपहर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक युवक हथकड़ी पहनकर ही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि युवक उस समय फरार हुआ, जब पुलिस उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही थी। जेल ले जाने से पहले ऑटो पर बैठाने के दौरान पुलिसकर्मी उसकी तस्वीर खींच रहे थे। इसी बीच वह हथकड़ी समेत भाग निकला। घटना के बाद थाने में अफरातफरी मच गई।




जानकारी के अनुसार, मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस ने शाहरुख नामक युवक को गिरफ्तार किया था। उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान उस पर चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने के आरोप सामने आए। बताया जाता है कि उसने मोबाइल चोरी की बात भी स्वीकार की थी। इसके बाद पुलिस उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही थी।





गुरुवार दोपहर पुलिस ने शाहरुख के हाथों में हथकड़ी लगाई और उसे जेल ले जाने के लिए तैयार किया। थाने से बाहर ले जाने से पहले ऑटो पर बैठाने के दौरान पुलिसकर्मी उसकी तस्वीर लेने लगे। इसी दौरान शाहरुख ने मौका देखकर पुलिस को चकमा दिया और हथकड़ी पहने हुए ही तेजी से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए।





युवक के भागते ही करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़ पड़े। कुछ देर तक थाने के आसपास अफरातफरी और भाग-दौड़ का माहौल बना रहा। पुलिसकर्मी काफी दूर तक उसका पीछा करते रहे, लेकिन वह उनकी पकड़ में नहीं आ सका। हथकड़ी पहने युवक को पुलिस से भागते देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। वहीं, पुलिसकर्मियों की भाग-दौड़ देखकर कुछ लोग मुस्कुराते और हंसते नजर आए।




घटना के बाद पुलिस फरार युवक की तलाश में जुट गई है। उसकी भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि उसके ठिकाने और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार शाहरुख जेल पहुंचने से पहले ही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। अब पुलिस के सामने उसे दोबारा गिरफ्तार करने की चुनौती है।