Patna Crime News: पटना में अपराध नियंत्रण, अवैध हथियारों की बरामदगी और शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के स्वराज पथ स्थित एक लॉज में पुलिस ने छापेमारी कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने 475 मिलीलीटर अवैध विदेशी शराब और एक देशी कट्टा बरामद किया।




जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर तथा नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना के नेतृत्व में पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत आसूचना संकलन के आधार पर चित्रगुप्तनगर थाने की पुलिस टीम ने स्वराज पथ स्थित एक लॉज में छापेमारी की।




छापेमारी के दौरान पुलिस ने लॉज के एक कमरे से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसके बाद कमरे की तलाशी ली गई, जिसमें 475 मिलीलीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। वहीं, गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक के पास से एक देशी कट्टा भी मिला, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।




पुलिस के अनुसार, इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-01), पटना, मनोज कुमार ने भी जानकारी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण, अवैध हथियारों की बरामदगी और शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।