Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में मूर्ति विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि इसके बाद एक दलित परिवार के घर में घुसकर मारपीट और चाकूबाजी की गई। इस घटना में परिवार के 12 लोग घायल हो गए, जिनमें दो लोगों को चाकू लगने की बात सामने आई है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज पटना एम्स में चल रहा है। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी हमला किए जाने का आरोप है, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।




घटना फुलवारी शरीफ के इशोपुर इलाके की बताई जा रही है। घायलों के अनुसार, संजय यादव और उनके परिवार के करीब 25 लोग रामकुमार चौधरी के घर पहुंचे और हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और चाकू से भी हमला किया। इस दौरान घर के करीब 12 लोग घायल हो गए।




घायलों में रामकुमार चौधरी और पंकज कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनके अलावा अमन, रिया कुमारी, बहादुर चौधरी, लालमुनी देवी, पंकज चौधरी, अंकित, आरती देवी, अजय चौधरी, दीपक और अनिल भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज पटना एम्स में चल रहा है।




घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें सड़क पर मारपीट और चाकूबाजी की घटना दिखाई देने की बात कही जा रही है। हालांकि, वीडियो की पुष्टि और घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




बताया जा रहा है कि इशोपुर पुलिस चौकी घटनास्थल के पास ही स्थित है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हंगामे की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों को बचाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।




घायलों का आरोप है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और इससे पहले भी कई बार हमले हो चुके हैं। हालांकि, पुराने विवाद की वजह और मौजूदा घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल, घायलों का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।