Patna Crime News: पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र स्थित नारायण नगर कॉलोनी में नौ वर्षीय छात्रा के कथित अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना 18 जुलाई की दोपहर की बताई जा रही है। आरोप है कि एक नकाबपोश युवक ने चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। हालांकि बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।



पीड़ित छात्रा डॉन बॉस्को स्कूल की छात्रा है। घटना के बाद उसके पिता ने फुलवारी शरीफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन लगभग 10 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।



परिजनों के अनुसार, 18 जुलाई की दोपहर बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान चेहरे पर मास्क लगाए एक युवक वहां पहुंचा और चॉकलेट देने का लालच देकर उसे अपने साथ ले जाने लगा। युवक की हरकत से घबराई बच्ची ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। 



आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकलने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। परिवार का कहना है कि घटना के बाद से बच्ची मानसिक रूप से डरी हुई है और स्कूल जाने से भी घबरा रही है। उनका कहना है कि यदि बच्ची ने समय रहते साहस नहीं दिखाया होता, तो कोई गंभीर घटना हो सकती थी।



पीड़ित परिवार ने पुलिस से कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान करने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना के बाद पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।



बच्ची के पिता का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के करीब 10 दिन बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।



वहीं, फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी गुलाम शाहबाज आलम ने कहा, "आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"