Patna Crime News: बड़ी खबर राजधानी पटना से आ रही है, जहां नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र सचिवालय कॉलोनी रोड नंबर 2 स्थित राधे कृष्ण हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। मृतका समस्तीपुर की रहने वाली थी और वर्ष 2024 से पटना में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और परिजनों के बीच शोक का माहौल है।
रिपोर्ट- सूरज कुमार, पटना