PATNA: बिहार में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है। इनके मनसूबे देखकर लगता है कि शायद इनके अंदर पुलिस का डर खत्म हो गया है। यही कारण है कि अपराधी एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को बेखौफ अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। ताजा मामला पटना से सटे खुसरूपुर प्रखंड के सुकरवेगचक पंचायत का है, जहां के कटौना गांव से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है।


कटौना गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। 


मृतक की पहचान कटौना गांव निवासी नीतीश पासवान के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीतीश पासवान अपने परिवार के साथ फतुहा में किराए के मकान में रहते हैं और वहीं कामकाज करते हैं। बीती शाम पूरा परिवार एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने गांव आया था। इसी दौरान देर रात अंकित अचानक लापता हो गया।


परिजनों ने अंकित की काफी खोजबीन की लेकिन कोई अता पता नहीं चल सका। कुछ देर बाद उसकी लाश जगमाल बीघा गांव के दक्षिणी इलाके के एक खेत से बरामद किया गया। शव पर गले और छाती में चाकू के गहरे निशान मिले, जिसे देखकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 


परिजनों ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने रात के करीब 12 बजे के बाद अंकित को जगमाल बीघा स्थित खेत की ओर बुलाया था। उस समय अंकित के साथ उसका फुफेरा भाई भी मौजूद था। पुलिस फुफेरे भाई से पूछताछ कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अपर थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। 


वहीं एसडीपीओ-2 संजीव कुमार और ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण इन तमाम बिन्दुओं पर पुलिस जांच कर रही है।


पुलिस ने बताया कि इस जघन्य हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। शादी की खुशी मातम में बदल जाने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अब सभी की निगाहे पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।