PATNA:बिहार में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है, यही कारण है कि अपराधी एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को दिनदहाड़े बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। इन्हें देखकर ऐसा लगता है कि सम्राट चौधरी की पुलिस का डर भी इनके अंदर खत्म हो गया है। यही कारण है कि अपराधी पुलिस को भी चुनौती देने का काम कर रहे हैं। इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र की है।


 जहां दिनदहाड़े नकाबपोश बाइक सवार अपराधियों ने अक्षय तृतीया के मौके पर एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया है। ज्वेलरी शॉप में घुसकर भीषण डकैती की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया है। विरोध करने पर दुकान के मालिक को पिस्टल के कुंडे से सिर पर मारकर घायल कर दिया और लूट की बड़ी वारदात को बेखौफ अंजाम दिया। 


बाइक सवार नकाबपोश 5 अपराधियों ने सोने चांदी के जेवरात जिसकी कीमत 15 से 20 लाख रुपये आंकी जा रही है, उसे हथियार के बल पर लूट लिया और हथियार चमकाते हुए वहां से भाग निकले। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। लूट की बड़ी वारदात पुरानी भारत गैस गोदाम कॉलोनी की है, जहां पांच की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने एक आभूषण दुकान को निशाना बनाया। 


बदमाश दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे थे। इनमें से तीन अपराधी दुकान के अंदर घुसे, जबकि दो बाहर खड़े होकर रेकी करते रहे।अंदर घुसे बदमाशों ने हथियार के बल पर दुकान को अपने कब्जे में लिया और कुछ ही मिनटों में करीब 15 से 20 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। लूटे गए सामान में लगभग 4 किलो चांदी और 100 ग्राम सोना शामिल बताया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाने में लगी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।


दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि 24 घंटे के भीतर अपराधी सलाखों के पीछे होंगे। अब देखना यह होगा कि सम्राट सरकार और उनकी पुलिस इस घटना पर क्या एक्शन लेती है?