PATNA: पटना के धनरुआ थाना क्षेत्र में जमीन के कथित फर्जीवाड़े और निजी संस्थान परिसर में घुसकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपित संतोष प्रसाद को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार संतोष प्रसाद मूल रूप से नालंदा जिले के चिकसौरा थाना क्षेत्र के साकिम चक, मोहदीनपुर का रहने वाला है।
दरअसल, इस मामले में एक निजी संस्थान की ओर से पुलिस के वरीय अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की गई थी। संस्थान के मुख्य प्रशासनिक पदाधिकारी ने आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की थी।
जमीन के दस्तावेजों को लेकर खड़ा हुआ विवाद
धनरुआ थाना कांड संख्या 697/2026 में संतोष प्रसाद, बचिया देवी समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है। निजी कंपनी की ओर से आरोप लगाया गया है कि जमीन से संबंधित रजिस्टर्ड सेल डीड के हिंदी संस्करण के आधार पर विवाद खड़ा किया गया।
कंपनी का दावा है कि निबंधन कार्यालय से प्राप्त प्रमाणित अभिलेख में अलग दस्तावेज दर्ज है। इसी को लेकर जमीन के स्वामित्व और दस्तावेजों की प्रमाणिकता पर विवाद सामने आया है।
निष्पक्ष जांच की उठाई गई थी मांग
निजी संस्थान की ओर से आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग संस्थान परिसर में घुसकर धमकी दे रहे थे। इसके बाद कंपनी के मुख्य प्रशासनिक पदाधिकारी ने पुलिस के वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की थी।
फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में संतोष प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नामजद अन्य आरोपितों की भूमिका और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जा रही है।