Patna Crime News: बिहार पुलिस के पटना साइबर थाना ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 9 अप्रैल को पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी ‘धनी एप’ और ‘प्लेबॉय’ एप का इस्तेमाल कर लोगों को एक एपिके फ़ाइल भेज उन्हें लोन दिलाने या फिर प्ले बॉय का काम दिलवाने के नाम पर उनके खातो को खाली करने का काम किया करते थे।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बिहार ही नहीं बल्कि देश के 9 राज्यों में सक्रिय था और बड़े पैमाने पर लोगों को अपना शिकार बना चुका है । छापेमारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से कुल 11 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है, जिनका उपयोग साइबर ठगी के इस नेटवर्क को संचालित करने में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में विक्की कुमार, सुमन राज और गुलशन कुमार शामिल हैं। इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान ऐप या लोन ऑफर पर भरोसा न करें और सतर्क रहें। साइबर ठगी की शिकायत तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराएं।
रिपोर्ट- सूरज कुमार, पटना