Patna Crime News: बिहार में बेखौफ हो चुके अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। अपराधी एक के बाद एक संगीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को मुंह चिढ़ा रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना से सामने आया है, जहां अपराधियों ने एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के लाला भदसारा गांव की है।
मृतक की पहचान भदसारा गांव निवासी हरेंद्र सिंह के 47 वर्षीय बेटे संतोष कुमार उर्फ फुदन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह गांव के मंदिर के पास लोगों ने संतोष का खून से सना शव देखा। शव मिलने की बात पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही दुल्हिन बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। युवक के सिर में गोली मारी गई है। वारदात के पीछे वर्चस्व की लड़ाई को कारण माना जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक संतोष गांव के ही रहने वाले लालमोहन मिस्त्री का हत्या में दोषी पाया गया था। कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। 16 साल जेल की सजा काटने के बाद करीब एक साल पहले ही वह रिहा होकर अपने घर लौटा था। आशंका जताई जा रही है कि उसी पुरानी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।