Bihar Crime News: पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित बेलछी थाना क्षेत्र के बाघाटिला गांव में महज 400 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक दिव्यांग व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान टूना मांझी के रूप में हुई है, जो दोनों पैरों से दिव्यांग थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, टूना मांझी के छोटे भाई बाघाटिला की ओर गए थे, जहां उन्होंने कथित तौर पर किसी व्यक्ति से 400 रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनके सिर में चोट लगी। घटना के दौरान छोटे भाई की पत्नी और उनकी दो बेटियां बीच-बचाव करने पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।
छोटे भाई के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद टूना मांझी बाघाटिला पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां उनके साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं और बाद में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बेलछी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बेलछी थानाध्यक्ष ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टूना मांझी की मौत मारपीट में लगी चोटों के कारण हुई या किसी अन्य वजह से।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जाएगा। घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
वहीं, मृतक के परिजन आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगी।