Bihar Crime News: पटना में पूर्व वार्ड पार्षद अनिल कुमार यादव पर हुए गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के कथित मास्टरमाइंड शंकर राय को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल दो शूटरों को भी पकड़ा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, अनिल कुमार यादव की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। इसमें से पांच लाख रुपये आरोपियों को दिए जा चुके थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजह के साथ-साथ अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि अनिल यादव और शंकर राय एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं और दोनों के बीच चुनाव को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, शंकर राय ने राहुल साहनी उर्फ नीरज से संपर्क किया था। इसके बाद राहुल ने कथित तौर पर पूरी साजिश तैयार की।
जांच में सामने आया है कि वारदात के दौरान एक शूटर बाइक से सीधे घटनास्थल पहुंचा था। वहीं, राहुल के कहने पर उसके स्टाफ चंदन ने दो अन्य शूटरों को ऑटो से भेजा। ऑटो चालक शंभू ने दोनों को मंदिर के पास उतारा, जिसके बाद वे कुछ दूर पैदल गए और फिर चोरी की बाइक से घटनास्थल तक पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, राहुल के भाई अमित ने भी घटना में सहयोग किया था।
पुलिस के अनुसार, राहुल साहनी उर्फ नीरज का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ आठ से अधिक मामले दर्ज हैं। चंदन भी पूर्व में शूटर रह चुका है। राहुल के वर्ष 2012 से अपराध की दुनिया में सक्रिय होने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, कट्टा और ऑटो बरामद कर लिया है। फरार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बता दें कि पटना में वार्ड 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति और पूर्व वार्ड पार्षद अनिल कुमार यादव पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। घटना के दौरान अनिल कुमार यादव को पांच गोलियां लगी थीं। उन्हें पहले उदयन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेदांता रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।