MOTIHARI: मोतिहारी के पताही प्रखंड स्थित नारायणपुर पंचायत से भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ‘डिजिटल इंडिया’ की आड़ में घूसखोरी का आरोप लगा है। मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर पंचायत सचिव द्वारा ₹9,000 की अवैध वसूली किए जाने की बात सामने आई है।
वार्ड संख्या-10 निवासी सुजीत कुमार ने आरोप लगाया है कि अपनी दादी के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए पंचायत सचिव बबलू कुमार ने उनसे ₹9,000 की मांग की। मजबूरी में उन्हें यह राशि PhonePe के माध्यम से भेजनी पड़ी। आमतौर पर ऐसे मामलों में सबूत नहीं मिल पाता, लेकिन इस मामले में डिजिटल भुगतान की रसीद सामने आने से मामला गंभीर हो गया है।
इस संबंध में लोक शिकायत निवारण कार्यालय में मामला दर्ज कराया गया है। 16 अप्रैल को हुई सुनवाई में परिवादी सुजीत कुमार उपस्थित थे, जबकि आरोपी पंचायत सचिव बबलू कुमार हड़ताल का हवाला देकर अनुपस्थित रहे। मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यालय ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के प्रतिनिधि को त्वरित जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में डिजिटल ट्रांजैक्शन की रसीद को साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है। प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है। पकड़ीदयाल अनुमंडल कार्यालय में अगली सुनवाई 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे निर्धारित की गई है। प्रखंड क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग अब यह देख रहे हैं कि प्रशासन इस तरह की खुली घूसखोरी पर क्या कड़ा कदम उठाता है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट
बिहार के मोतिहारी में मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर ऑनलाइन घूस, पंचायत सचिव पर 9 हजार रुपये वसूली का आरोप; सुशासन के दावों के बीच भ्रष्टाचार का मामला उजागर#Motihari #BiharNews #Corruption #BreakingNews pic.twitter.com/nmh2vtYjt4
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) April 27, 2026