Bihar Crime News: नेपाल के चितवन जिले से अगवा किए गए 16 वर्षीय किशोर को पुलिस ने काठमांडू के एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज अपहरण मामले में बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने किशोर के पिता से 22 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। सभी आरोपी फिलहाल काठमांडू जेल में बंद हैं और मामले की जांच जारी है।
नेपाल के चितवन जिले में हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। काठमांडू वैली क्राइम इन्वेस्टिगेशन ऑफिस के एसएसपी संतोष कुमार खड़का के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपहरण का मुख्य उद्देश्य फिरौती वसूलना था। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद काठमांडू के बालाजू स्थित एक होटल में छापेमारी कर अपहृत किशोर को सुरक्षित मुक्त कराया। इस दौरान पांच भारतीय युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र के खड्डा गांव निवासी सुजीत कुमार, गोलू शाह और मोहम्मद शाहिद, बेतिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सनसरैया निवासी विक्की कुमार तथा कालीबाग निवासी गोलू कुमार सोनी के रूप में हुई है। सभी आरोपियों की उम्र लगभग 18 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी सुजीत कुमार और अपहृत किशोर पहले चितवन में साथ पढ़ते थे। भारत आने के बाद भी दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में थे। इसी दौरान सुजीत ने इंस्टाग्राम पर मिलने के बहाने किशोर को बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद किशोर को भारतीय नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो में बैठाकर पहले एक होटल में रखा गया और बाद में काठमांडू ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने चाकू दिखाकर किशोर को धमकाया और उसके पिता को व्हाट्सएप कॉल कर 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी। साथ ही रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। अपहृत किशोर ने साहस और समझदारी का परिचय देते हुए रास्ते में एक कागज पर अपने अपहरण की जानकारी और पिता का मोबाइल नंबर लिखकर बाहर फेंक दिया। यह कागज मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी कर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के कमरे से एक पिस्टल, दो चाकू और अपहरण में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है। नेपाली पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।