Bihar Crime News: बिहार के नवादा में एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक छात्र का कॉलेज में अन्य लड़कों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। घटना हिसुआ थाना क्षेत्र की कचहरी रोड की है।



मृतक की पहचान हिसुआ निवासी शिक्षक मनीष भारती के छोटे बेटे 25 वर्षीय पीयूष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कॉलेज में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद इसी विवाद में घटना को अंजाम देने की आशंका है। 



पीयूष कुमार को पीठ में गोली मारी गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि पुलिस तहकीकात कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।



उधर, घटना से नाराज लोगों ने हिसुआ-राजगीर रोड को जाम कर दिया और जमकर हंगामा मचाया। गुस्साए लोग अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस दौरान लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।