Bihar News: बिहार के नवादा जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम पर बालू माफिया के गुर्गों ने हमला कर दिया। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के पास हुई इस घटना में खनन विभाग के कई कर्मी और होमगार्ड के जवान घायल हो गए। घायलों में खनन इंस्पेक्टर संतोष प्रकाश झा और सौरभ कुमार भी शामिल हैं। हालांकि, हमले के बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं हारी और मौके से एक ट्रैक्टर तथा एक मोटरसाइकिल जब्त कर ली।




जानकारी के मुताबिक, खनन विभाग की टीम को गोविंदपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के पास अवैध बालू खनन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम करणपुर बालू घाट जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई करने पहुंची। इसी दौरान वहां मौजूद बालू माफिया के गुर्गों ने खनन विभाग की टीम को निशाना बनाकर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान खनन विभाग के कर्मचारियों के साथ दो होमगार्ड जवान भी घायल हो गए।




बालू माफिया के हमले के बावजूद खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई जारी रखी। मौके से अवैध खनन में इस्तेमाल किए जाने के संदेह में एक ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों वाहनों को गोविंदपुर थाने लाया गया है। घटना की पुष्टि करते हुए गोविंदपुर थानाध्यक्ष मो. सद्दाम खान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचा गया था। पुलिस को देखते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से एक ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।




उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हमले में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में अवैध बालू खनन और बालू माफिया की गतिविधियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक खनन विभाग की ओर से इस मामले में गोविंदपुर थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की पहचान में जुटी है।