Bihar Crime News: बिहार के नवादा जिले में पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। बलुआही भीखमपुरा गांव में डायल 112 और स्थानीय थाने की पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों ने मारपीट और पथराव किया। इस दौरान एक महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार करने और उसकी सर्विस पिस्टल पर हाथ लगाने की कोशिश करने का भी आरोप है। घटना में डायल 112 के चालक और एक महिला सिपाही को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं और आठ पुरुषों समेत कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी है।




जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात बलुआही भीखमपुरा गांव के ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि उन्होंने किसी मामले में एक व्यक्ति को पकड़ रखा है। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से मामले की जानकारी लेने लगी।




इसी दौरान कुछ लोग महिला सिपाही का वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि वीडियो बनाने से मना करने पर कुछ लोगों ने महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार किया। पुलिसकर्मियों ने जब इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा महिला कांस्टेबल की पिस्टल पर हाथ लगाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम ने तत्काल थानाध्यक्ष को घटना की जानकारी दी।




सूचना मिलने के बाद एएसआई पप्पू कुमार के नेतृत्व में स्थानीय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस को देखते ही कुछ ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।




हालात बिगड़ने पर पुलिस टीम वापस लौट आई। इसके कुछ घंटे बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा और वहां जमा भीड़ को हटाया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें थाने ले गई। नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार के अनुसार, घटना में डायल 112 के चालक और महिला पुलिसकर्मी को पत्थरबाजी के कारण चोटें आई हैं। दोनों का इलाज कराया गया है।




थानाध्यक्ष ने बताया कि कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिसकर्मियों को उनके सरकारी कार्य करने से रोकने की कोशिश की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं और आठ पुरुषों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।




पुलिस के अनुसार, पुलिसकर्मियों पर हमला करने, मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल कुछ अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।