Bihar Crime News: नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में शनिवार रात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए 26 वर्षीय युवक राहुल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मुकेश प्रसाद के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। महज छह दिन पहले शादी के बंधन में बंधे युवक की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राहुल के पिता मुकेश कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे राहुल घर पर ही था। तभी उसके दो दोस्त आए और उसे जीरायन नदी में मछली मारने के बहाने अपने साथ ले गए। परिवार को अंदेशा भी नहीं था कि वही दोस्त उसकी जान के दुश्मन बन जाएंगे।
रविवार सुबह 3 बजे राहुल के छोटे भाई कुंदन के मोबाइल पर एक अज्ञात फोन आया, जिसने राहुल को गोली लगने की सूचना दी। परिजन तुरंत सूर्य मंदिर के पास पहुंचे, जहाँ राहुल लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
इस हत्याकांड ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। राहुल की शादी इसी महीने 20 अप्रैल को हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियां पूरी भी नहीं हुई थीं कि नई नवेली दुल्हन का सुहाग उजड़ गया। राहुल अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और गांव में डेकोरेशन का काम कर परिवार का सहारा बना हुआ था। उसकी मौत से घर का चिराग बुझ गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिंद थाना अध्यक्ष मुरली आजाद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला मछली मारने को लेकर हुए पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। राहुल के सिर के पीछे गोली मारी गई थी।