Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले से एक महिला को कथित तौर पर पिस्टल के बल पर अगवा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अहियापुर थाने की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल सुमित कुमार ने दिनदहाड़े अपने बड़े भाई की पत्नी सुमन को जबरन कार में बैठाकर ले गया। कथित घटना ब्रह्मपुरा थाना के सामने स्थित दुर्गा मंदिर के पास की बताई जा रही है।



दरअसल, घटना 27 सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। महिला के पति अशोक साह ने ब्रह्मपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराकर पत्नी की बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच के साथ महिला की बरामदगी और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, अशोक साह की पत्नी सुमन अपनी बड़ी बहन गौरी देवी, उनके पति दीपक साह और बड़े भाई अरुण साह के साथ ब्रह्मपुरा दुर्गा मंदिर गई थीं। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी।



अशोक साह के आवेदन के मुताबिक, कार से सुमित कुमार उतरा और हथियार दिखाकर सुमन को जबरन अपने साथ ले जाने लगा। परिवार के लोगों और अन्य लोगों ने इसका विरोध किया और शोर मचाया, लेकिन आरोप है कि सुमित महिला को कार में बैठाकर वहां से निकल गया। महिला के पति ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि महिला को ले जाने के बाद आरोपी ने उन्हें फोन कर पुलिस में शिकायत करने पर बच्चों को स्कूल से उठाकर हत्या करने की धमकी दी। परिवार का कहना है कि धमकी के बाद वे काफी डरे हुए हैं और बच्चों को स्कूल भेजना भी बंद कर दिया है। अशोक साह के मुताबिक, आरोपी के डर के कारण उनका परिवार पहले से ही घर छोड़कर सिकंदरपुर में किराए के मकान में रह रहा था।



परिवार के मुताबिक, सुमित कुमार अहियापुर के चकगाजी मोहल्ले का रहने वाला है और उसे अहियापुर थाने की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जाता है। परिवार का दावा है कि वह करीब तीन साल जेल में रहने के बाद लगभग डेढ़ महीने पहले जमानत पर बाहर आया था।



अशोक साह ने अपने आवेदन में आरोपी के खिलाफ लड़कियों को कथित तौर पर जबरन संबंध बनाने के लिए मजबूर करने, अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी पत्नी को भी गलत नीयत से ले जाया गया है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।



ब्रह्मपुरा थानेदार विपिन रंजन के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। महिला की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सफेद कार की पहचान और आरोपी के संभावित ठिकानों की जांच कर रही है।