मुजफ्फरपुर: कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना के मामले में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पारू और औराई थानाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवनयापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है। साथ ही दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
पारू थानाध्यक्ष पर गंभीर लापरवाही का आरोप
पारू थानाध्यक्ष पुअनि आशुतोष कुमार शुक्ला के खिलाफ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरैया और अंचल पुलिस निरीक्षक, पारू ने प्रतिवेदन दिया था।
आरोप है कि मध्यस्थता के बाद पूछताछ के लिए थाने लाए गए एक व्यक्ति को वरीय पदाधिकारी को सूचित किए बिना छोड़ दिया गया। इसके अलावा चोरी की संपत्ति, आर्म्स एक्ट और बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम से जुड़े मामलों के आरोपितों को उचित सुरक्षा में नहीं रखने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 15 दिनों के अंतराल में दो आरोपितों के भाग जाने की घटना सामने आई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने निलंबन की कार्रवाई की।
औराई थानाध्यक्ष पर मनमाने निर्णय का आरोप
वहीं, औराई थानाध्यक्ष पुअनि सुनील कुमार पर भी कर्तव्य में लापरवाही और मनमाने तरीके से निर्णय लेने के आरोप लगे हैं।
आरोप है कि लूट की घटना को कमतर दिखाते हुए गृह अतिचार/गृहभेदन की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। साथ ही वरीय अधिकारी को गुमराह करने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है।
इसके अलावा ई-साक्ष्य एप पर दर्ज घटना विवरण, तलाशी-जप्ती और गवाहों के बयान आदि की समुचित समीक्षा नहीं करने का भी आरोप है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने दोनों थानाध्यक्षों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।