MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से करीब ढाई लाख रुपये की सोने की चेन झपट ली। वारदात आमगोला पुल के नीचे उस वक्त हुई, जब महिला तीज की पूजा कर अपने पति के साथ ऑटो से घर लौट रही थी। घटना के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार, आमगोला मोहल्ला निवासी विनोद भगत अपनी पत्नी रानी देवी के साथ बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। पूजा के बाद दोनों ऑटो से घर लौट रहे थे। जैसे ही ऑटो आमगोला पुल के नीचे पहुंचा और रानी देवी नीचे उतरने लगीं, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मार दिया।


बदमाश महिला के गले से भारी सोने की चेन नोचकर ओरियंट क्लब की ओर तेज रफ्तार में फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से महिला घबरा गई और शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। कुछ स्थानीय युवकों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी ब्रह्मकुमारी वाली गली का फायदा उठाकर फरार हो गए।


CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में आसपास के इलाके में घेराबंदी भी की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।


फिलहाल पुलिस आमगोला पुल से लेकर ओरियंट क्लब मार्ग तक दुकानों और मकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से बदमाशों की बाइक का नंबर और उनका हुलिया सामने आ सकता है।


काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंद्र भूषण सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सुराग जुटा रही है। पीड़िता की ओर से आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।