MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरबन पुलिया के पास साइकिल से जा रही दो छात्राओं पर जानलेवा ब्लेड से हमले के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस पूरे घटनाक्रम के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल उसके एक अन्य साथी की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।


घटना 21 सितंबर 2026 की है। उस दिन बरूराज थानांतर्गत चौरबन पुलिया के समीप सामने से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने अचानक साइकिल सवार दो छात्राओं पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ पर गहरी चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-01) तथा 22 सितंबर को स्वयं SSP मुजफ्फरपुर कांतेश कुमार मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया एवं पीड़ित छात्राओं से मिलकर पूरी जानकारी ली।


पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर बरूराज थाना कांड संख्या-181/26 दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-01) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष बरूराज व अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के संकलन के आधार पर पुलिस ने 24 सितंबर 2026 को घटना के मुख्य साजिशकर्ता संजीत कुमार (थाना- बरूराज, जिला- मुजफ्फरपुर) को गिरफ्तार कर लिया।


इंस्टाग्राम चैट, प्यार और शक की रंजिश में हुआ हमला: पुलिस सूत्रों की मानें तो पीड़िता के गांव के आसपास के एक लड़के और आरोपी आपस में दोस्त थे। आरोपी लड़का और पीड़िता के बीच इंस्टाग्राम पर लगातार चैटिंग और कॉलिंग होती थी। पुलिस को इसके पर्याप्त डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिससे साफ है कि दोनों के बीच पूर्व से जान-पहचान और दोस्ती थी।

पूछताछ में पता चला कि कुछ समय पहले लड़की ने उक्त आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। इसके बाद आरोपी को शक हुआ कि लड़की उसके ही दोस्त से बात करने लगी है और उसे नजरअंदाज कर रही है। इसी खुन्नस और शक के चलते आरोपी ने अपनी साइकिल से जा रही युवतियों पर ब्लेड से वार कर दिया।


एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम-प्रसंग और आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम एक युवक ने दिया था, लेकिन इस साजिश में एक अन्य सहयोगी भी शामिल थे। घटना के बाद एक नामजद आरोपी भाग गए हैं। पुलिस की विशेष टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है और जल्द ही उन्हें भी कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा।