MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले में अश्लील, द्विअर्थी भोजपुरी गानों के बजने और सोशल मीडिया पर भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़े पैमाने पर कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। SSP कांतेश कुमार मिश्रा के सख्त निर्देश पर पुलिस विभाग ने इस मामले में दो अलग-अलग कांड (FIR) दर्ज कर संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन द्वारा ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी भी दी गई है।


मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, सांस्कृतिक समारोहों, बसों, ट्रकों, ऑटो और रिक्शा आदि में बिना किसी रोक-टोक के अश्लील व दोहरे अर्थ वाले भोजपुरी और अन्य भाषाओं के गीत बजाए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि इस प्रकार के फुहड़ व अमर्यादित गीतों से न सिर्फ महिलाओं की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा को ठेस पहुंच रही है, बल्कि बच्चों और युवा पीढ़ी की मनोवृत्ति पर भी इसका अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यह समाज को एक गलत दिशा में ले जा रहा है।

इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर भ्रामक, अश्लील और विद्वेष फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या-151/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर बिहार की समृद्ध भाषा, बोली और संस्कृति को निशाना बनाकर जानबूझकर अपमानजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी सख्त एक्शन लिया गया है। ऐसी सामग्री से बिहारवासियों की गरिमा को ठेस पहुंच रही है और विभिन्न क्षेत्रीय समूहों के बीच वैमनस्य एवं सामाजिक तनाव फैल रहा है। इस संदर्भ में पुलिस ने साइबर थाना कांड संख्या-152/26 दर्ज किया है और इसमें शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


वाहनों और उपकरणों की होगी जब्ती, इन धाराओं में दर्ज होगा केस: पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दोहरे अर्थ वाले या अश्लील भोजपुरी गानों के प्रसारण को पूरी तरह समाप्त करने के लिए ऐसे कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों, वाहन चालकों और वाहन मालिकों को चिन्हित किया जा रहा है। इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा-296 और धारा-79 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आवश्यकतानुसार उनके वाहन और म्यूजिक सिस्टम/उपकरण भी जब्त किए जाएंगे।