MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर पुलिस ने अपराध की एक बड़ी योजना को समय रहते विफल कर दिया है। राजेपुर ओपी (साहेबगंज थाना) क्षेत्र के अण्डौल पुल के पास छापेमारी कर पुलिस ने लूट की साजिश रच रहे चार शातिर अपराधियों को रंगेहाथ दबोच लिया है। इनके पास से पुलिस ने एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मैगजीन और मोबाइल फोन समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए सरैया की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अभिजीत कौर ने बताया कि मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशन में जिलेभर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को यह बड़ी कामयाबी हासिल हुई है।
एसडीपीओ अभिजीत कौर के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को राजेपुर ओपी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी अण्डौल पुल के समीप किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के अनुश्रवण और सरैया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसमें राजेपुर ओपी प्रभारी भी शामिल थे।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान की घेराबंदी की। पुलिस को अपनी ओर आते देख अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर चारों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार व अन्य सामान बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. नासिर, मो. नन्हे, राजा बाबू और अमन कुमार के रूप में हुई है, जो सभी राजेपुर ओपी क्षेत्र के ही निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 01 पिस्तौल, 06 जिंदा कारतूस, 02 मैगजीन और 03 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस संबंध में साहेबगंज थाने (राजेपुर ओपी) में कांड संख्या- 918/26 दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।