Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर अहियापुर थाना क्षेत्र से 5 सितंबर को लापता हुए 29 वर्षीय किसलय की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसंधान में सामने आया है कि उसके दोस्तों ने ही हत्या करने के बाद शव को रेवा नदी में फेंक दिया था। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पारू थाना क्षेत्र से अनुकूल कुमार नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हत्या के पीछे आपसी विवाद और पैसे के लेनदेन की बात सामने आई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि 5 सितंबर को किसलय के संदेहास्पद परिस्थिति में लापता होने की सूचना मिली थी। वह घर नहीं लौटा था और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों के आवेदन पर अहियापुर थाना में कांड संख्या 1418/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, परिजनों की खोजबीन और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी में किसलय को कलमबाग चौक और गन्नीपुर स्थित एक लॉज में देखे जाने की बात सामने आई थी। वहां कुछ अन्य लोगों के साथ उसका विवाद होने की जानकारी भी मिली थी। परिजनों ने पुरानी रंजिश के कारण किसी अनहोनी की आशंका जताई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के पर्यवेक्षण और एसडीपीओ टाउन-2 दीपक कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसमें अहियापुर थानाध्यक्ष और जिला आसूचना इकाई की टीम को शामिल किया गया। पुलिस ने नामजद आरोपियों से पूछताछ के साथ तकनीकी और मानवीय साक्ष्य जुटाए। किसलय और उसकी मोटरसाइकिल की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की गई।
सिटी एसपी ने बताया कि अनुसंधान में यह बात सामने आई कि किसलय की हत्या उसके दोस्तों ने की थी और शव को रेवा नदी में फेंक दिया गया। शुरुआती जांच में आपसी लड़ाई और पैसे के लेनदेन का विवाद हत्या की वजह बताया जा रहा है। 30 अक्टूबर को पारू थाना क्षेत्र से अनुकूल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
सिटी एसपी के अनुसार, मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच कर रही है।