MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्ते में बहनोई लगने वाले युवक ने शुक्रवार की रात नाबालिग को अकेला पाकर उसके साथ गंदा काम किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने नाबालिग को अकेला पाकर कथित तौर पर जबरन एक घर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान पीड़िता ने विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया। उसकी आवाज और हलचल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी।
डायल 112 की टीम ने आरोपी को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी को अपने हिरासत में लिया और उसे कांटी थाने ले गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मौके पर किसी तरह की हिंसक स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र के एक गांव में मूक-बधिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना की सूचना मिली थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजू सहनी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक नमूने और तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं।
पीड़िता का मेडिकल और बयान दर्ज
डीएसपी ने बताया कि पीड़िता का नियमानुसार मेडिकल कराया गया है। साथ ही, मूक-बधिर विशेषज्ञों की सहायता से उसका बयान भी दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।