MUZAFFARPUR: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीबीगंज स्थित एक होम्योपैथिक क्लिनिक में चल रहे अवैध स्प्रिट के खेल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान क्लिनिक से भारी मात्रा में संदिग्ध स्प्रिट बरामद की गई है और क्लिनिक संचालक को हिरासत में ले लिया गया है।


गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को लंबे समय से गुप्त सूचना मिल रही थी कि बीबीगंज इलाके में एक होम्योपैथिक क्लिनिक की आड़ में दवाओं के नाम पर अवैध स्प्रिट का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और क्लिनिक पर औचक छापेमारी की गई।


बाथरूम में छिपाई गई थी बोतलें: छापेमारी के दौरान टीम ने जब क्लिनिक की सघन तलाशी ली, तो बाथरूम के भीतर से भारी मात्रा में संदिग्ध दवा की बोतलें बरामद हुईं। जांच के दौरान क्लिनिक से 450 एमएल की ‘इंफ्लेमेंट’ (Inflament) नामक 10 बोतलें मिलीं, जिन पर विशेष स्टिकर लगे हुए थे। इसके अलावा बेलाडोना की 1 बोतल और अल्फा-अल्फा की 3 बोतलें भी जब्त की गईं।


दवा के नाम पर स्प्रिट का खेल

टीम ने जब बरामद बोतलों को खोलकर उनकी जांच की, तो उनमें से दवाओं की जगह तेज स्प्रिट जैसी गंध आने लगी। प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि दवाओं की आड़ में शुद्ध स्प्रिट का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही थी। मौके पर मौजूद क्लिनिक संचालक डॉ. अजय राय से जब इन बोतलों और उनमें मौजूद तरल पदार्थ के बारे में पूछताछ की गई, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही संबंधित कागजात पेश कर पाए। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डॉ. अजय राय को तत्काल हिरासत में ले लिया।


पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटा विभाग:मामले की पुष्टि करते हुए उत्पाद विभाग के थानेदार दीपक कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह गुप्त सूचना पर आधारित थी। जब्त की गई बोतलों को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है ताकि उनमें मौजूद अल्कोहल की मात्रा और उसकी प्रकृति स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि विभाग अब इस बात की तफ्तीश कर रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्प्रिट कहाँ से लाई जा रही थी और इस सिंडिकेट में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।


इलाके में हड़कंप: होम्योपैथिक क्लिनिक जैसी संवेदनशील जगह पर अवैध स्प्रिट के कारोबार का खुलासा होने के बाद बीबीगंज और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि कैसे चिकित्सा के पेशे की आड़ में नशे का अवैध कारोबार फल-फूल रहा था। फिलहाल, उत्पाद विभाग की टीम पकड़े गए संचालक से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है। विभाग का कहना है कि इस मामले में जो भी अन्य लोग संलिप्त पाए जाएंगे, उन सभी का डिटेल्स निकाल कर कार्रवाई होगी ।