MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर में आपसी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के दादा और पोती की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं। मामला साहेबगंज थाना क्षेत्र के वार्ड-3 स्थित ब्लॉक गेट माई स्थान के समीप का है।
जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय भोला मियां और उनकी 9 वर्षीय पोती अनब खातून कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान साहेबगंज थाना रोड निवासी बशीर मियां के 27 वर्षीय पुत्र अलताब आलम कथित तौर पर घर में घुस गया और दोनों पर हमला कर दिया।
हमले में भोला मियां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पोती अनब खातून गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के दौरान भोला मियां के 35 वर्षीय पुत्र मो. शमीम बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन हमलावर ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में मो. शमीम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, आरोपी अलताब आलम के भी घायल होने की बात सामने आई है। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक आपस में पट्टीदार हैं और उनके बीच पहले से आपसी रंजिश चली आ रही थी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है।