MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड पर बसों की टाइमिंग को लेकर हुए विवाद और रंगदारी के मामले में अहियापुर पुलिस ने अभिजीत कुमार उर्फ बुल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे 14 अक्टूबर को कोल्हुआ पैगम्बरपुर स्थित उसके घर पर छापेमारी कर पकड़ा। वहीं, वर्ष 2025 के मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले में नामजद आरोपी अवनीत कुमार उर्फ टुल्लू सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इसकी जानकारी एसडीपीओ टाउन-2 दीपक कुमार ने दी।


पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी अभियान के तहत अहियापुर थाना कांड संख्या 1597/26 में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोल्हुआ पैगम्बरपुर में अभिजीत कुमार उर्फ बुल्लू के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह मामला बैरिया बस स्टैंड पर बसों की टाइमिंग को लेकर हुए विवाद और रंगदारी से जुड़ा है।


बुल्लू पर रंगदारी समेत चार मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, अभिजीत कुमार उर्फ बुल्लू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अहियापुर थाने में चार मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2015 का आर्म्स एक्ट का मामला, वर्ष 2024 का मारपीट का मामला, वर्ष 2025 का मारपीट और आर्म्स एक्ट का मामला तथा वर्ष 2026 का रंगदारी से संबंधित मामला शामिल है। पुलिस इन मामलों में उसकी भूमिका के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले में टुल्लू सिंह गिरफ्तार

वहीं, अहियापुर थाना कांड संख्या 401/25 के प्राथमिकी नामजद आरोपी अवनीत कुमार उर्फ टुल्लू सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। यह मामला मारपीट और आर्म्स एक्ट से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, टुल्लू सिंह के खिलाफ अहियापुर थाने में तीन मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2018 का आर्म्स एक्ट, वर्ष 2025 का मारपीट और आर्म्स एक्ट तथा वर्ष 2024 का मारपीट का मामला शामिल है।


एसडीपीओ टाउन-2 दीपक कुमार के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा।