Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में औराई थाना क्षेत्र की जनार पंचायत के बेदौल असली गांव निवासी 45 वर्षीय अशोक राय की हत्या के मामले में उसकी पत्नी नूतन देवी ने प्रेम संबंध को हत्या की वजह बताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में एक महिला समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि महिला और उसके स्वजन पहले से अशोक को धमकी दे रहे थे।



नूतन देवी के अनुसार, अशोक का लोहरखा की रहने वाली एक महिला से बातचीत और संपर्क था। पति के इस संबंध की जानकारी मिलने के बाद वह करीब एक वर्ष पहले अपने मायके चली गई थी। हालांकि, उसके मायके जाने के बाद भी अशोक का उक्त महिला से संपर्क बना रहा। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई है।



प्राथमिकी के मुताबिक, 25 अगस्त की शाम महिला ने अशोक को मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद महिला के भाई राजा माझी, दिनेश मांझी और सहयोगी अभिजीत मंडल व अभिषेक मंडल ने अशोक के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी।



नूतन देवी ने आरोप लगाया है कि इससे पहले महिला के भाई राजा माझी ने अशोक को धमकी दी थी। उसे कथित तौर पर कहा गया था कि यदि उसने महिला से बातचीत बंद नहीं की तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। हत्या के बाद अशोक का शव बेनीपुर रेलवे हाल्ट के पास फेंक दिए जाने का आरोप है। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।



बताया गया कि अशोक 25 अगस्त की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच घर से निकला था। रात करीब नौ बजे तक उसकी स्वजन से बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिवार के लोगों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में अशोक की मौत की खबर मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।