Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों और पुलिस के बीच हुई सीधी मुठभेड़ से हड़कंप मच गया है। बेला थाना क्षेत्र में एक कुख्यात एटीएम फ्रॉड को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में पुलिस के एक एएसआई (ASI) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी को भी गोली लगी है।


जाल बिछाकर बैठी थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि शातिर एटीएम फ्रॉड पप्पू साहनी इलाके में मौजूद है। पप्पू साहनी पहले भी एटीएम धोखाधड़ी के कई मामलों में जेल जा चुका है और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। बेला थाना की टीम ने उसे दबोचने के लिए घेराबंदी की थी। जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, अपराधी ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी।


ASI के पेट में लगी गोली

बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली बेला थाने में तैनात एएसआई विकास कुमार के पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। विकास कुमार मूल रूप से सीवान जिले के उँधा गांव के निवासी हैं और वर्तमान में बेला थाने में मुंशी का कार्यभार भी संभाल रहे थे। अपने साथी अधिकारी को गोली लगते देख पुलिस महकमे में खलबली मच गई।


पुलिस की जवाबी कार्रवाई

आत्मरक्षार्थ और अपराधी को भागने से रोकने के लिए पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में कुख्यात पप्पू साहनी को भी गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में दबोच लिया। वर्तमान में घायल बदमाश से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।


अस्पताल पहुंचे आला अधिकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत निजी अस्पताल पहुंचे, जहां घायल एएसआई का इलाज चल रहा है। डीआईजी चंदन कुशवाहा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अपराधी को गिरफ्तार करने गई थी, इसी दौरान उसने हमला किया। घायल पुलिसकर्मी की स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं और उन्हें बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।