MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में बंद घरों में हुई चार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 11.37 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी से अहियापुर थाना के चार चोरी कांडों का खुलासा हुआ है, जबकि जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों के भी खुलासे की संभावना है।


एसडीपीओ टाउन टू विनीता सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 30 जून 2026 को अहियापुर थाना में खलीकुज्जमा ने आवेदन देकर बताया था कि 29 जून की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर से नकदी, आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, घर की चाबियों का गुच्छा, तीन मोबाइल फोन, एक एप्पल वॉच और अन्य सामान चोरी कर लिया। इस मामले में अहियापुर थाना में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर टाउन डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी के दौरान 14 जुलाई को पुलिस ने अहियापुर थाना क्षेत्र के छिट भगवतीपुर निवासी नीतीश कुमार, धर्मेंद्र सहनी, नगर थाना क्षेत्र के मिथुन महतो तथा सरैया निवासी दुर्गेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में सभी आरोपितों ने अहियापुर थाना के कांड संख्या 800/26, 872/26, 1044/26 और 1111/26 में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इन सभी के पास से नकद 11,37,080 रुपये,सोने की 3 अंगूठियां,2 सोने की चेन,2 मंगलसूत्र,1 मांगटीका,1 नथूनी,4 नोजपिन,1 जोड़ी टॉप्स, 1 जोड़ी कान का आभूषण,6 जोड़ी चांदी की पायल,1 चांदी का ब्रेसलेट,4 मोबाइल फोन जिसमें 3 एंड्रॉयड और 1 की-पैड,1 हीरो साइकिल,1 कैमरा,5 गैस सिलेंडर,2 बैग, जैकेट, कोट एवं तकिया का खोल जिसमें चोरी की रकम को छुपा कर रखा गया था को बरामद किया गया है।


एसडीपीओ टाउन टू के अनुसार गिरफ्तार आरोपित नीतीश कुमार और मिथुन महतो के खिलाफ पहले भी नगर थाना और मिठनपुरा थाना में शराब अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।यह गिरोह चोरी कि राशि का इस्तेमाल शराब मगाने और बेचने में इस्तेमाल करते थे।फिलहाल सभी आरोपितों से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।