Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को रोकने और तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को औराई थाना क्षेत्र निवासी प्रह्लाद कुमार ने अहियापुर थाने में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि अहियापुर के झपहां स्थित करीब 9¼ धुर जमीन पर वर्ष 2025 में दाखिल-खारिज कराया गया था। इसके बाद उक्त जमीन पर शांतिपूर्ण तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
आरोप है कि 20 अगस्त को कुछ लोग स्कॉर्पियो, थार, जेसीबी मशीन और मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। एक वाहन पर राजनीतिक पार्टी का बोर्ड भी लगा था। करीब 50 अन्य लोगों के साथ पहुंचकर जेसीबी से जमीन और आसपास की अन्य जमीनों पर किए जा रहे निर्माण को तोड़ना शुरू कर दिया गया।
विरोध करने पर आरोपियों द्वारा मारपीट करने, गले से आभूषण छीनने और जमीन खाली करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर अहियापुर थाना कांड संख्या 1323/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सिटी एसपी मोहीबुल्लाह अंसारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में नामजद आरोपी सुमित कुमार श्रीवास्तव और सन्नी सिंह को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस ने बताया कि घटना में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 107 के तहत संपत्ति जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।